राजस्थान लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और विधायक हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। पुलिस इंटेलिजेंस को मिले इनपुट के बाद ऐसा किया है। उनके घर के बाहर क्यूआरटी के आठ कमांडो तैनात किए गए हैं। साथ ही रास्ते में भी उन्हें पुलिस का एस्कॉर्ट दिया गया।
दरअसल, पुलिस इंटेलिजेंस मिले इनपुट में खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल की जान को खतरा बताया गया है। साथ ही उन पर हमला होने की सूचना भी मिली है। इनपुट मिलने के बाद पुलिस को पता चला कि हनुमान बेनीवाल जयपुर से नागौर के लिए रवाना हो गए हैं।
ऐसे में पुलिस ने उन्हें तत्काल रास्ते ही एस्कॉर्ट देना शुरू किया। जयपुर से नागौर स्थित घर पहुंचने तक अलग-अलग थाने की पुलिस टीम ने बेनीवाल को एस्कॉर्ट किया। पुलिस की गाड़ियां बेनीवाल की गाड़ियों को घेरते हुए चल रहीं थी। बेनीवाल के नागौर पहुंचने के बाद उनके घर के बाद पुलिस की क्यूआरटी टीम (क्विक रेस्पोंस टीम) के आठ कमांडो को तैनात किया है।
बता दें कि बेनीवाल के पास पहले से सुरक्षाकर्मी है, लेकिन इनपुट को देखते हुए आठ कमांडो उनकी सुरक्षा में लगा दिए गए हैं। हालांकि, बेनीवाल को खतरा किससे है, अभी तक इसका खुलासा नहीं हुआ है।