अस्पताल में भर्ती घायलों का चल रहा इलाज।
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर जिले में सोमवार को कंचनपुर थाना इलाके के ध्वजपुरा गांव में घर की सफाई कर रहे 3 भाइयों पर दीवार गिर गई। मलबे के नीचे दबने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दीवार गिरने से लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला। जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल भर्ती कराए गए महेश पुत्र लज्जाराम, ओमप्रकाश पुत्र हरिओम और करुआ पुत्र कप्तान सिंह के परिजनों ने बताया कि बीती रात बरसात के कारण घर में गंदगी हो गई थी। तीनों भाई दीवार के पास से गंदगी साफ कर रहे थे। इस दौरान अचानक भरभरा कर दीवार ढह गई। जिससे तीनों उसके नीचे दब गए।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। निजी स्तर पर लोगों ने रेस्क्यू कर मलबे को साफ कर तीनों घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती कराया है। तीनों भाइयों की हालत बेहद गंभीर हैं। उन्हें काफी चोटें आईं हैं।
पुलिस ने जांच की शुरू
थाना प्रभारी हेमराज शर्मा ने बताया घटनास्थल पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया है। दीवार के मलबे में दबने से 3 लोग घायल हुए हैं। पुलिस और उपखंड प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तीनों घायल बेहद गंभीर रूप से हुए है। जिला अस्पताल में भर्ती करा कर उपचार शुरू करा दिया है।