अलवर में कुछ महीने पहले हुई भीड़ हत्या के बाद अब कथित लव-जिहाद की वजह से बीते दिन लोग सड़कों पर आ गए। गुस्साए लोगों ने अलवर-भरतपुर मार्ग को जाम करके वाहनों को आग के हवाले कर दिया। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी तो भीड़ मे उनपर पथराव कर दिया। इससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव के हालात पैदा हो गए लेकिन पुलिस ने जल्द ही हालातों को नियंत्रण मे कर लिया। अब यहां हालात शांतिपूर्ण हैं।
मिली जानकारी के अनुसार अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के जुगरावर गांव में शनिवार को कथित लव जिहाद के मामलों को लेकर समुदाय विशेष की महापंचायत हुई। बैठक में वक्ताओं ने लव जिहाद के मामलों पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने इलाके से गायब हुईं लड़कियों को बरामद करने की मांग करते हुए कहा कि पुलिस इसपर जल्द कार्रवाई करे, नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा। महापंचायत के कारण क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिसबलों की तैनात की गई थी।
महापंचायत में बाद जब मौके पर जिला कलेक्टर और एसपी नहीं पहुंचे तो भीड़ ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया और अलवर-भरतपुर मार्ग को जाम कर दिया। इसके बाद भीड़ ने वहां मौजूद वाहनों में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी और उनमें आग लगा दी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने उनपर लाठियां भांजी। जिससे भीड़ थमने की बजाए और उग्र हो गई। उसने पुलिस पर पत्थर फेंके। बाद में किसी तरह भीड़ पर काबू पाया गया। अब इलाके में शांति का माहौल है।