लोहारवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई। एक समुदाय विशेष के युवकों द्वारा तीन अन्य युवकों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमले के बाद शहर में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। पूरे शहर में पुलिस की गश्त की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक भोईवाड़ा निवासी प्रवीण पुत्र रमेश भोई, रवि पुत्र दिनेश भोई और कपिल पुत्र देवचंद भोई किसी काम से सुथारवाड़ा गये थे। वहां से वापस आते समय लोहारवाड़ा के पास बीस युवकों ने मिलकर धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बुरी तरह घायल तीनों युवकों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हमले के पीछे कारण का पता नहीं लग सका है।
इस घटना के चलते देर रात कानेरापोल व भोईवाड़ा क्षेत्र में लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुस्से में नजर आये। शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में रात करीब दस बजे के बाद केबिनों में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। वहां टाट से बनी झुग्गियों को भी फूंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल ज्ञानेन्द्रसिंह मौके पर पहुंचे।
हालात को देखते हुए पुराना सब्जी मंडी में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. राहुल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र वर्मा, अतिरिक्त कलैक्टर गोपालराम बिरदा, एसडीएम वंदना खोइवाल, उपाधीक्षक बीजाराम मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की।