जयपुर में होली के दिन करीब आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक जूस की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशानों ने दुकान पर मौजूद पुरुष और महिलाओं के साथ मारपीट की और उसके बाद गल्ले से नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात में एक पतासी का ठेला लगाने वाला युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित की ओर से जयसिंहपुरा खोर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
पीड़ित दुकानदार के मुताबिक जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में सुपर बाजार के पास करीब आधा दर्जन बदमाश हथियारों के साथ आए थे। बदमाशों ने पहले पतासी के ठेले वाले से मारपीट की और उसके बाद जूस की दुकान में घुसकर महिला और पुरुषों के साथ मारपीट करके गल्ले से करीब दस हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। दुकान में तोड़फोड़ करके काफी सामान का नुकसान भी कर गए। बदमाशों की मारपीट से पतासी का ठेला लगाने वाला युवक गंभीर घायल हो गया। उसके सिर में चोट बताई जा रही है।
बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं। होली के त्योहार पर पुलिस ने दावा किया था शहर में कानून और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, लेकिन राजधानी में दिनदहाड़े हुई वारदात से बदमाशों के आगे पुलिस पस्त नजर आई।