राजस्थान में एक तहसीलदार ने एसीबी के डर से जलाए 500 रुपये के नोट
- फोटो : Special Arrangement
राजस्थान के सिरोही में पकड़े जाने के डर से पति-पत्नी ने मिलकर 500-500 रुपये की गड्डियां जला डालीं। दरअसल सिरोही के पिंडवाड़ा में एसीबी को एक तहसीलदार के पास अवैध पैसा होने की सूचना मिली। लेकिन तहसीलदार को एसीबी के आने की भनक पहले ही लग गई थी और उसने घर का दरवाजा बंद कर लिया।
एसीबी के हाथ सबूत ना लगे और पकड़े जाने के डर से तहसीलदार कल्पेश जैन ने 20 लाख रुपये गैस के चूल्हे पर जला दिए और इस काम में उसकी पत्नी ने भी उसका साथ दिया। हालांकि रसोई की खिड़की से एसीबी के अधिकारी लगातार दरवाजा खोलने की बात करते रहे लेकिन तहसीलदार ने दरवाजा नहीं खोला और खिड़की को हाथ और कपड़े से ढकने की कोशिश करने लगा।
हालांकि सबूत के तौर पर एसीबी ने पैसे जलाने की वीडियो बना ली और वीडियो के वायरल होने के बाद ये जानकारी सामने आई। एसीबी को तहसीलदार कल्पेश जैन के पास तीन लॉकर की चाबियां और 16 बैंक खाते मिले हैं। इसके अलावा कल्पेश के खिलाफ पिंडवाड़ा थाने में भारतीय मुद्रा को जलाने और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया गया है।
एसीबी की पूछताछ में तहसीलदार ने कबूल किया है कि उसे डर लग रहा था कि अगर एसीबी ने रुपये बरामद कर लिए तो सब कुछ खत्म हो जाएगा। इसलिए उसे पैसों को जलाना ही ठीक लगा। बता दें कि तहसीलदार ने 500-500 रुपये की गड्डियां गैस के चूल्हे में जला दीं।
पत्नी ने भी दिया पति का साथ
वीडियो में देखा जा सकता है कि तहसीलदार की पत्नी भी अपने पति का साथ दे रही है और अंदर से नोट निकालकर गैस के चूल्ह पर रख रही है। इस दौरान एसीबी ने पत्नी से कहा कि मैडम आप तो समझिए, इनकी यह हरकत ठीक नहीं है। आपको थोड़ा बहुत समझना चाहिए। इसके अलावा बच्चों की रोने की आवाज पर एसीबी ने कहा कि बच्चे परेशान हो रहे हैं।
काफी देर तक एसीबी तहसीलदार से कहती रही कि दरवाजा खोल दीजिए लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला गया, जिसके बाद कटर से दरवाजा काटकर तहसीलदार को पकड़ा गया।