पटेल स्कूल के छात्र छात्राओं ने शहर में निकाला भव्य पथ संचलन
- फोटो : अमर उजाला
पटेल आदर्श विद्या निकेतन स्कूल केकड़ी के छात्र छात्राओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सुबह शहर में पथ संचलन निकाला। घोष की धुन पर कदमताल करते हुए विद्यार्थियों के शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरने के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। पथ संचलन का नगरवासियों ने जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
पथ संचलन को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बिरदी चंद वैष्णव व विद्या भारती संस्थान अजमेर के सदस्य यशवंत बेली ने ओम ध्वज दिखा कर रवाना किया। यह पथ संचलन नगर परिषद से शुरू हुआ, जो राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, अस्पताल मार्ग, खिड़की गेट, सदर बाजार, घंटाघर, जूनियां गेट व सापण्दा रोड चौराहा होते हुए विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
तत्पश्चात विद्यालय में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विष्णु शर्मा ने अपने उद्बोधन में भारत की आजादी के लिए बलिदान देने वाले सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर छात्र-छात्राओं द्वारा सेवा, समर्पण व राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत पथ संचलन निकाल कर नगर में एकता, भाईचारा व देश सेवा का संदेश देने की सराहना की और कहा कि हम सभी को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होनें कहा कि सभी विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति समर्पित रहते हुए कर्तव्य भाव व निष्ठा के साथ समाज सुधार में अपना योगदान देना चाहिए।समारोह में वक्ताओं ने सुभाष चन्द्र बोस की जीवनी पर प्रकाश डाला। प्रारंभ में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अंत में प्रबंध समिति अध्यक्ष बिरदी चंद वैष्णव ने आभार प्रदर्शन किया।