राजस्थान के श्रीकरणपुर क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब दो किलोमीटर अंदर सरसों के खेत से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस, बीएसएफ और सीआईडी की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान पीले रंग के दो संदिग्ध पैकेट जब्त किए।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पुलिस, बीएसएफ और सीआईडी की संयुक्त टीम ने अभियान में एक किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। यह मादक पदार्थ श्रीकरणपुर क्षेत्र में सीमा से लगभग दो किलोमीटर अंदर सरसों के एक खेत में मिला। पैकेटों की बनावट को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने इन्हें पाकिस्तानी ड्रोन से गिराए जाने की आशंका जताई है।
विज्ञापन
खेत में मिले दो संदिग्ध पैकेट
बीएसएफ की नग्गी सीमा चौकी से चक 23ओ क्षेत्र के पास संदिग्ध हरकतों की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही श्रीकरणपुर थानाधिकारी सीर कौर के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद बीएसएफ की 118वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट एलजी सुरेश बाबू और सीआईडी जोन श्रीकरणपुर के कांस्टेबल रोहिताश कुमार समेत सुरक्षाकर्मियों ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान रमेश बावरी नामक ग्रामीण के खेत में सरसों की फसल के बीच पीले रंग के दो पैकेट पड़े मिले। इन पैकेटों पर लाल रंग की टेप लगी हुई थी। पैकेटों के साथ धातु के छल्ले और पाइप जैसी सामग्रियां भी जुड़ी हुई थीं। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच से पता चला कि मादक पदार्थ को ड्रोन के जरिये सीमा पार से गिराया गया था।
विज्ञापन
ई-साक्ष्य एप से हुई वीडियोग्राफी
पुलिस के अनुसार, पहले पैकेट से 503 ग्राम और दूसरे पैकेट से 497 ग्राम हेरोइन निकली। इस तरह सुरक्षा बलों ने कुल एक किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया। पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी कराकर की गई। बरामद दोनों पैकेटों को अलग-अलग सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया है। थानाधिकारी सीर कौर की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। मामले की विस्तृत जांच चूनावढ़ थानाधिकारी संजय कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और स्थानीय संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में गिराई गई हेरोइन की खेप को कौन से तस्कर हासिल करने वाले थे और इस सीमापार तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।