श्रीगंगानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ते जा रहे हैं कि बुधवार दोपहर श्रीगंगानगर कोर्ट में दर्जन भर युवकों ने पेशी पर आए आरोपियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोर्ट कैंपस में अफरा-तफरी मच गई।
बता दें कि केसर सिंहपुर के नागर हत्याकांड में जमानत पर चल रहे तीन आरोपी श्रीगंगानगर कोर्ट में पेशी पर आए थे। यहां बक्शी खाने के पास दर्जन भर युवकों ने इन पर हमला कर दिया। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों व अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में अधिवक्ता इक्ट्ठा हो गए। ये जो तस्वीरें आपको दिखाई दे रही हैं, ये श्रीगंगानगर कोर्ट कैंपस की तस्वीरें हैं, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि हमलावरों के हाथों में डंडे और ईंट के टुकड़े हैं, जिससे वे हमला करने की फिराक में हैं। इस घटनाक्रम के बाद कोतवाली पुलिस ने 10 लोगों को डिटेन किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, किसी आरोपी को गंभीर चोट आने की बात सामने नहीं आई है।
अक्तूबर 2022 का था मामला
अक्तूबर 2022 में केसरी सिंहपुर कस्बे के उद्यम सिंह चौक पर दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई थी, जिसमें चार युवक घायल हुए थे। चौक की तरफ आती सफेद रंग की कार का पीछा करते बाइक सवार युवक कार पर लगातार फायरिंग कर रहे थे। उनसे बचने के लिए कार भी तेज स्पीड में दौड़ रही थी। इस दौरान कार चौक में खड़े एक ट्रॉले से टकरा गई। कार में चार युवक सवार थे, जिनमें से एक युवक सुनील कुमार नागर गंभीर घायल हो गया था। उसे श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल लाया गया था, जहां दो दिन के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में कारोबार को लेकर रंजिश थी, जिसके परिणाम स्वरूप यह घटना हुई। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी बाद में जमानत हो गई थी। आज यह आरोपी कोर्ट में पेशी पर आए थे कि संभवतः नागर पक्ष के लोगों ने इन पर हमला कर दिया। हमले के कुछ ही देर बाद कोतवाली पुलिस ने 10 लोगों को डिटेन कर लिया।
इन्हें किया पुलिस ने गिरफ्तार
एसपी गौरव यादव ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें केसरी सिंहपुर के गांव तीन वी निवासी विकास, हर्ष उर्फ गुरमन पाल, हरप्रीत सिंह, श्री गंगानगर जवाहर नगर थाना क्षेत्र के साहिल, श्री गंगानगर पुरानी आबादी वार्ड नंबर 7 निवासी मोहम्मद जवान, सोहेल खान, गुलाम अली, वेद बक्श, मटीली राठान निवासी शरणदीप सिंह, केसरी सिंहपुर के गांव 19 एच निवासी संजय उर्फ राजकुमार और मटीली राठान वार्ड नंबर 6 निवासी गोरा सिंह उर्फ अजय सिंह को गिरफ्तार किया गया है।