श्रीविजयनगर में कांग्रेस के सुशील मिड्ढा 5 वोट से विजयी
- फोटो : अमर उजाला
श्रीगंगानगर जिले की श्रीविजयनगर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुशील मिड्ढा उर्फ बिट्टू मिड्ढा ने जीत दर्ज कर ली है। शुक्रवार को तहसील कार्यालय सभागार में हुई मतगणना में सुशील मिड्ढा को 15 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र लेघा को 10 वोट मिले। इस तरह सुशील मिड्ढा ने राजेंद्र लेघा को पांच वोटों के अंतर से हराकर नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। मतगणना के दौरान तहसील परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस और भाजपा समर्थक तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
फायरिंग और पार्षदों को कथित तौर पर ले जाने के आरोप से गरमाया था मामला
श्रीविजयनगर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए मतदान वाले दिन सुबह से ही चुनावी माहौल तनावपूर्ण रहा। आरोप लगाया गया था कि रायसिंहनगर से श्रीविजयनगर आ रहे तीन पार्षदों विजय कुमार तिन्ना, मंगतराम धानक और प्यारेलाल को बाजूवाला रोड पर नर्सरी के पास रोका गया। इस दौरान फायरिंग करने और कथित तौर पर पार्षदों को अपने साथ ले जाने के आरोप भी लगाए गए थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षदों के परिजन श्रीविजयनगर थाने पहुंचे। विधायक सोहनलाल नायक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर धरना दिया और पार्षदों को वापस लाकर मतदान कराने की मांग की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया था।
हाईकोर्ट पहुंचा मामला, मतदान का समय भी बढ़ाया गया
घटनाक्रम के बीच विजय कुमार तिन्ना की पत्नी की ओर से राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। याचिका में आरोप लगाया गया कि विजय कुमार को बंदूक की नोक पर अगवा किया गया है। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने श्रीगंगानगर के एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने के निर्देश दिए थे। इसी बीच पुलिस ने मंगतराम धानक और प्यारेलाल को दस्तयाब कर मतदान केंद्र पहुंचाया, जहां दोनों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं विजय कुमार तिन्ना की तलाश जारी रही। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मतदान का समय भी बढ़ाया गया। शाम करीब सवा सात बजे पुलिस विजय कुमार तिन्ना को लेकर मतदान केंद्र पहुंची, जिसके बाद उन्होंने भी मतदान किया। इसके साथ ही नगरपालिका के सभी 25 पार्षदों ने मतदान किया। हालांकि पूरे घटनाक्रम के कारण अध्यक्ष पद के चुनाव की मतगणना और परिणाम को लेकर हाईकोर्ट का हस्तक्षेप हुआ और तत्काल परिणाम घोषित नहीं किया गया।
हाईकोर्ट की रोक हटने के बाद हुई मतगणना
हाईकोर्ट की ओर से मतगणना पर लगाई गई रोक हटने के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजे तहसील कार्यालय सभागार में मतगणना शुरू हुई। मतगणना पूरी होने पर कांग्रेस प्रत्याशी सुशील मिड्ढा को 15 और भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र लेघा को 10 वोट मिले। पांच वोट से जीत दर्ज करने के बाद सुशील मिड्ढा उर्फ बिट्टू मिड्ढा को श्रीविजयनगर नगरपालिका का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। परिणाम सामने आने के साथ ही कई दिनों से चल रहे चुनावी घटनाक्रम और कानूनी पेच का भी पटाक्षेप हो गया।