जिले में लगातार दो दिन हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 12°C दर्ज किया गया। बारिश के बाद बढ़ी ठंड से लोगों को सर्दी का एहसास हुआ, जबकि घनी धुंध के कारण सड़क पर वाहन चालकों को विजिबिलिटी कम होने की समस्या झेलनी पड़ी।
शनिवार सुबह घनी धुंध के कारण वाहन धीमी गति से चले, जिससे स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तर-पूर्वी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। सुबह बादलों के बीच दोपहर तक धूप निकलने के आसार रहे, लेकिन आगामी दिनों में फिर से बारिश की संभावना जताई जा रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कल बीकानेर और चूरू में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे सड़कों और खेतों में सफेद चादर बिछ गई। मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में शनिवार को भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।