राजस्थान के श्रीगंगानगर में भाजपा नेता और व्यापारी अशोक चांडक और उनके बेटे को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा द्वारा 30 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई है। गैंगस्टर ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए धमकी दी कि फिरौती नहीं देने पर उन्हें और उनके गार्ड को जान से मार दिया जाएगा।
भाजपा नेता और व्यवसायी अशोक चांडक और उनके बेटे को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा द्वारा 30 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। चांडक को लगातार वॉट्सऐप कॉल्स और मैसेज के जरिए धमकियां दी जा रही हैं। शनिवार को उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए सुरक्षा की मांग की।
विज्ञापन
20 जून से मिल रही धमकियां
अशोक चांडक ने पुलिस को बताया कि 20 जून से लगातार उन्हें और उनके बेटे राघव चांडक को गैंगस्टर रोहित गोदारा की गैंग जान से मारने की धमकियां दे रही है। 20 जून को दोपहर 12:26 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई, जिसमें खुद को रोहित गोदारा बताकर 30 करोड़ की फिरौती मांगी गई। कॉल पर कहा गया, "आपको ऐसा झटका देंगे कि याद रखोगे, आपके गार्ड भी नहीं बचा पाएंगे।"
22 जून को अशोक चांडक और उनके बेटे के मोबाइल पर कई मिस्ड कॉल्स आईं। इसके बाद राघव को एक मैसेज आया, जिसमें कहा गया, “बात करो।” जब राघव ने कॉल की, तो कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया और रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा होने की बात कही। 24 जून को फिर से कॉल कर फिरौती न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
आशीष गुप्ता पर फायरिंग से शुरू हुआ सिलसिला
चांडक ने बताया कि 17 जून को उनके बिजनेस पार्टनर आशीष गुप्ता पर दिनदहाड़े हमला हुआ था, जिसमें गुप्ता ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद से ही गैंगस्टर सक्रिय हो गए हैं। एक मैसेज में दावा किया गया कि हमला सुनील पहलवान के इशारे पर हुआ और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का भांजा 'डब्बा' फोन करता है।
गैंगस्टर नेटवर्क की खुलती परतें
मैसेज में यह भी कहा गया कि गोल्डी बराड़ के भाई गुरलाल के कत्ल के आरोपी मनी फरीदकोट और बंटू को हत्या के बाद सुनील पहलवान और सरवन ने शरण दी थी। साथ ही चांडक को चेतावनी दी गई कि अगली बार गोल्डी बराड़ का कॉल आए तो बता देना कि कार्रवाई सुनील पहलवान करवा रहा है। एसपी गौरव यादव ने बताया कि अशोक चांडक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। धमकी देने वालों की पहचान और उनकी लोकेशन की जांच की जा रही है। चांडक ने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की मांग की है।