दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में बनाई गई डिग्गी में बालिका समेत दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि बालिका अपने ननिहाल आई हुई थी। पानी भरने के दौरा हुए हादसे में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बसंती (16) पुत्री रामस्वरूप नायक निवासी सिद्धवाला डिग्गी में पानी भरने गई थी। वहां पैर फिसलने से वो अंदर जा गिरी। वहां मौजूद बालिका की नानी ने शोर मचाया, जिसे सुनकर पास ही स्थित भेड़ चरा रहा एक भेड़ पालक मूलाराम (48) पुत्र भादरराम निवासी दो केएसआर दौड़कर मौके पर आया। उसने बालिका को बचाने का प्रयास किया। सफल नहीं हो पाया तो मूलाराम ने डिग्गी में छलांग लगा दी। बालिका को बचाने में वो भी पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही खेत मालिक समेत आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर दोनों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा 108 की सहायता से दोनों को सूरतगढ़ के राजकीय चिकित्सालय में स्थित ट्रॉमा सेंटर में भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि इस संबंध में मृतक बच्ची के नाना देवी लाल की ओर से मर्ग दर्ज करवाई गई है। वहीं शव का पोस्टमॉर्टम करवा पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।