सिरोही जिले की रोहिड़ा थाना पुलिस ने शातिर 007 गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इंस्टाग्राम आईडी पर विभिन्न प्रकार के आतंक संबंधित स्लोगन रील्स, फोटोज अपलोड किए हुए हैं। इसके साथ ही गैंग के 3500 फोलोअर्स की आईडी भी पाई गई है। पुलिस आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार सिरोही जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देशानुसार तहसील आबू-पिण्डवाडा हल्का में आदिवासी लड़कों की सक्रिय 007 गैंग के आतंक पर अकुंश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रोहिड़ा थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह की अगुवाई में टीम ने 007 गैंग के दो सदस्यों देलदर, पीएस आबूरोड सदर निवासी लक्ष्मण पुत्र पूनाराम गमेती भील और अरणुआफली, वालोरिया, पीएस रोहिड़ा निवासी राजू पुत्र लखमाराम गमेती भील को गिरफ्तार किया है।
उनके मोबाइल फोन में विभिन्न प्रकार के आतंक संबंधित स्लोगन (रील्स, फोटोज) इंस्टाग्राम पर अपलोड किए हुए हैं। 007 गैंग के लगभग 3500 फोलाअर्स की आईडी पाई गई है। इस मामले में जांच की जा रही है। कार्रवाई में रोहिड़ा पुलिस थाने के कांस्टेबल रोहिताश कुमार, अमन कुमार, रामलाल और रमेश कुमार सम्मिलित रहे।