पिकअप में प्लास्टिक के कैरेट में कीन्नू की आड़ में की जा रही थी शराब तस्करी
सिरोही के आबूरोड रीको पुलिस द्वारा पिकअप में प्लास्टिक के कैरेट में कीन्नू की आड़ में की जा रही राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब की तस्करी को पकड़ा गया है। इस मामले में 30 कार्टून शराब एवं पिकअप जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आबूरोड रीको थानाधिकारी सुरेश चौधरी की अगुवाई में टीम द्वारा अंबाजी मार्ग पर छापरी चौकी पर नाकाबंदी की गई थी। उस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा गुजरात की ओर जा रही पिकअप को रुकवाकर चेक किया तो उसमें प्लास्टिक के कैरेट में भरे कीन्नु की आड़ में राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 30 कार्टून भरे पाए गए। इस पर शराब व पिकअप को जब्त कर मकान नम्बर 67, परिहार नगर भादासिया, जोधपुर, पुलिस थाना माता का थान, जिला जोधपुर निवासी दिलीप परिहार पुत्र दुर्गा सिंह माली एवं रामदेवनगर, आउ पुलिस थाना भोजासर, जिला फलौदी निवासी कैलाश पुत्र भंवरलाल जाट को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में आबूरोड रीको थाना के हेड कांस्टेबल भूराराम, कांस्टेबल शंभू सिंह, सरूप सिंह, मीठालाल एवं प्रकाश कुमार सम्मिलित रहे।