सिरोही शहर के पुराना चेक पोस्ट क्षेत्र में सोमवार शाम को अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार कार की टक्कर से 12 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर आबूरोड रीको पुलिस थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार कार चालक ने पुराना चेक पोस्ट पर एक के बाद एक कई वाहनों एवं वहां खड़ी लारियों को चपेट में ले लिया। इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। कार पुराना आरटीओ ऑफिस के बाहर पत्थर से टकराने के बाद बंद हुई। इसके बाद आसपास के मौजूद लोग दौड़े तथा सड़क पर इधर-उधर पड़े लोगों को संभाला।
आबूरोड रीको पुलिस थाना एवं 108 एंबुलेंस को सूचना देकर बुलवाया गया। 108 एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की सहायता से घायलों को आकराभट्टा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रभारी डॉ. पीएन गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जहां से उन्हे रेफर कर दिया गया। इसके बाद घायलों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर आबूरोड नगर पालिका चेयरमैन मगनदान चारण, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेश कोठारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा डॉ. गौतम मोरारका, उपखंड अधिकारी वीरमाराम, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी भी यहां पहुंचे। घायलों की कुशलक्षेम पूछी तथा चिकित्सकों से उपचार के बारे में जानकारी प्राप्त की।
सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर में दी सेवा
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद आबूरोड सरकारी अस्पताल के डॉ. एमएल हिंडोनिया, डॉ. गौरव मेवाडा एवं डॉ. विजेंद्र तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों के साथ मिलकर घायलों का इलाज करने में अपना सहयोग दिया। ट्रॉमा सेंटर में ब्लड बैंक प्रभारी धर्मेंद्र भाई, संदीप भाई एवं पीआरओ सिद्धार्थ का सराहनीय कार्य रहा।