सिरोही में आबूरोड शहर के पुराना चेकपोस्ट क्षेत्र में गत सोमवार शाम को अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल 12 लोगों में से चार की इलाज के दौरान मौत हो गई। शेष घायलों का इलाज जारी है। इसके बावजूद न तो आबूरोड जिला परिवहन विभाग की ओर से और न ही पुलिस प्रशासन इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोकने के प्रति कतई गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
घटना के बाद प्रशासन द्वारा सड़क पर लिए गए स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमणों को हटवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में घायल चतराफली, सियावा निवासी समराम पुत्र मनाराम गरासिया, सियावा निवासी शंकर पुत्र हरचंद गरासिया, छापरी निवासी अर्जुन पुत्र बसूरा गरासिया एवं खापा निवासी गेनाराम पुत्र निंबाराम गरासिया की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मामले में गौरतलब पहलू यह है कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बीते लंबे समय से यातायात नियमों की अवहेलना कर वाहन चलाने वाले लोगों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। गुजरात की ओर आवाजाही करने वाले अधिकांश वाहन चालक शराब का सेवन कर धड़ल्ले से गुजर जाते हैं। लेकिन न तो परिवहन विभाग ओर न ही पुलिसकर्मी इन्हें रोकने टोकने की जरूरत समझते हैं। कमोबेश यही स्थिति रेवदर एवं भाखर अंचल मार्गों की है। इसके बाद भी जिम्मेदार कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता पूरी कर लेते हैं।