कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे भाजपा प्रत्याशी लुंबाराम चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लुंबाराम चौधरी ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेटे वैभव गहलोत को यहां से चुनाव लड़वाकर पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ कुठाराघात किया है तथा परिवारवाद को आगे बढ़ाया है।
जनसंपर्क के दौरान लुंबाराम चौधरी ने भीनमाल विधानसभा क्षेत्र में कावतरा दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद जुंजाणी, जेरण, सेवड़ी, भाडुमठ, नरसाणा, धुमबड़िया, बागोड़ा, जैसाराम व रंगाला गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उनका कहना था कि पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने जालोर सिरोही संसदीय क्षेत्र से अपने बेटे वैभव गहलोत को चुनाव लड़ाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ कुठारघात किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने परिवारवाद की राजनीति की है जिसे इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का भी पता नही है वह जनता के दुख दर्द को क्या समझेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन के आशीर्वाद से वह जीतने के बाद भी आमजन के बीच में रहेंगे। वह आपके परिवार का सद्स्य हैं तथा उनके दुख दर्द को समझते है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि संसदीय क्षेत्र के भीनमाल विधानसभा में जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।