सांसद लुंबाराम चौधरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र सौंपा
जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर जिला मुख्यालय पर सत्र 2025-26 से केंद्रीय विद्यालय शुरू करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मंत्री को एक लिखित पत्र भी सौंपा।
सांसद लुंबाराम चौधरी ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि सिरोही जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन को केंद्रीय विद्यालय संचालन के लिए अस्थायी भवन के रूप में प्रस्तावित किया गया है। इस भवन का निरीक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर द्वारा गठित समिति ने किया था। निरीक्षण के उपरांत भवन को संगठन के नियमों एवं शर्तों के अनुरूप पाया गया था।
ये भी पढ़ें: Plane Crash: अंतहीन दुख, विमान हादसे में डॉक्टर परिवार खत्म, माता-पिता को जिगर के टुकड़ों का इंतजार; सैंपल दिए
उपायुक्त द्वारा भवन में पाई गई कमियों के संबंध में दस्तावेज केंद्रीय विद्यालय संगठन के मुख्यालय, नई दिल्ली को भेजे जा चुके हैं। सांसद चौधरी ने आग्रह किया कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में आगामी शिक्षा सत्र 2025-26 से केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत की जाए।
सांसद चौधरी ने यह भी बताया कि वर्तमान में जिले में केवल माउंट आबू में केंद्रीय विद्यालय संचालित है, जिसमें सिरोही जिला मुख्यालय व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को प्रवेश नहीं मिल पाता। ऐसे में सिरोही मुख्यालय पर केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग लंबे समय से उठ रही है।
उन्होंने कहा कि आमजन की भावनाओं का सम्मान करते हुए वे इस मुद्दे पर लगातार प्रयासरत हैं और शिक्षा मंत्री से पूर्व में भी इस विषय में बातचीत कर चुके हैं। अब जल्द ही सकारात्मक परिणाम आने की संभावना है।