जालौर सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की मांग की है। इस मामले में उनकी ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक पत्र भेजा गया है। भाजपा जोधपुर संभाग सह मीडिया प्रभारी चिराग रावल ने बताया कि सांसद चौधरी ने पत्र में बताया है कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों के लिए महत्वाकांक्षी किसान क्रेडिट कार्ड योजना चलाई जा रही है। इस योजना में किसानों को अधिकतम तीन लाख रुपये तक का कर्ज मिलता है। किसानों के लिए यह योजना बहुत ही लाभकारी है, क्योंकि इसमें ब्याज दरें सामान्य ऋणों की तुलना में काफी कम होती हैं। यह ब्याज दर अन्य कर्ज योजनाओं की तुलना में काफा सस्ता है, जो किसानों के लिए राहत की बात है।
यह सीमा तीन-चार साल पहले तय की गई थी और अब इसे बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि किसानों को और अधिक सहायता मिल सके। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत मिलने वाले शॉर्ट टर्म लोन से किसान अपनी फसल की खेती, कटाई के बाद के खर्च और परिवार की अन्य जरूरतों को आसानी से पूरा कर पाते हैं। यही नहीं, इस योजना के तहत, किसानों को बैंकिंग प्रणाली से सरलता से और समय पर कर्ज मिल जाता है, जिससे वे अपने कृषि कार्यों को बिना किसी वित्तीय बाधा के पूरा कर सकते हैं। चौधरी ने आग्रह किया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसानों को दिए जाने वाले ऋण की सीमा बढ़ाई जाए ताकि इससे वे अधिक राशि का कर्ज प्राप्त कर सकेंगे, जो उनके कृषि कार्यों को और अधिक सुचारू बनाएगा तथा साथ ही साथ उनकी आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ बनाएगा।
गांव वालों ने जताया आभार
शिवगंज प्रधान ललिता कुंवर देवड़ा की अनुशंसा पर गांव कैलाशनगर में रानेला स्कूल से चादना सरहद तक सड़क और रपट केलिए स्वीकृति जारी हुई। यह स्वीकृति जिला परिषद (ग्रा.वि.प्र.) ने 21 नवंबर को जारी की है। ज्ञात हो कि यह ग्रेवल सड़क मय रपट 14.65 लाख की लागत से बनेगी। इस बजट स्वीकृति के अनुसार श्रम पर 7.67 लाख और सामग्री पर 6.98 लाख रुपये खर्च होंगे। गांव कैलाशनगर में रानेला स्कूल चादना सरहद तक सड़क की मांग गांववासियों द्वारा लंबे समय उठाई जा रही थी, क्योंकि आवागमन और कुओं आदि जाने के लिए कई प्रकार की परेशानी होती थी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए शिवगंज प्रधान का प्रयास जारी था। शिवगंज प्रधान की अनुशंसा पर इस सड़क की मय रपट की स्वीकृति मिलने के बाद गांववासी खुश है तथा उन्होंने प्रधान ललिता कुंवर और उनके पति विशनसिंह देवड़ा का आभार जताया। यह भी उल्लेखनीय है कि ग्रामवासियों की मांग पर इससे पूर्व शिवगंज प्रधान ललिता कुंवर धर्मपत्नी श्री विशन सिंह देवड़ा की अनुशंसा पर गांव कैलाशनगर में पटवार घर से लेकर रानेला स्कूल तक ग्रेवल सड़क और रपट केलिए स्वीकृति जारी करवाई थी, यह स्वीकृति जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलेक्टर ने 22 अक्तूबर को ही जारी की थी।