लाखेराव तालाब पर जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
जिला परिषद के एसई शंकरलाल राठौर द्वारा जिलास्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत में जल महोत्सव का संक्षिप्त परिचय दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने अपने संबोधन में पूर्व में भी सिरोही वासियों द्वारा जल बिरादरी के तहत जल संरक्षण के लिए किए गए विभिन्न कार्यों की सराहना की। जल महोत्सव कार्यक्रम के तहत तालाब की पूजा को भी सुखद बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न जल स्त्रोतों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता व अच्छी बारिश से जिले के कुएं रिचार्ज होंगे, जिससे हर वर्ग लाभान्वित होगा।
इतिहास के उन सभी व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने अपनी दूर दृष्टि से क्षेत्र में पानी की बेहतरीन उपलब्धता के लिया तालाब व बांध सहित विभिन्न जल संग्रहण निर्माण कार्य करवाए। आमजन को भी जल संरक्षण करने, प्रकृति से प्राप्त सभी संसाधनों के लिए सदैव आभारी रहने, पौधारोपण करने तथा इनका संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयं भी क्षेत्र में जल संग्रहण के लिए अपेक्षित निर्माण कार्यों के लिए अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी ने राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि जलझूलनी एकादशी के दिन जल महोत्सव के कार्यक्रम के तहत जल पूजन से एक बेहद पुरानी परंपरा फिर से जीवंत हो उठी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश से जिले के सभी बांधों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता हो जायेगी एवं क्षेत्रवासियों को दीर्घकालीन राहत मिलेगी। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने कहा कि जिले में पानी की सुखद स्थिति देख के मन आनंदित है और उत्सव जैसा माहौल है। पानी की पर्याप्त मात्रा देख के पशु-पक्षी, आमजन, अधिकारी जनप्रतिनिधि सभी बेहद खुश हैं। जलझूलनी एकादशी पर हुए ऐसे आयोजन से सभी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का मौका मिला है। उन्होंने सभी को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने जिले में अच्छी बारिश एवं बांध व तालाबों में पर्याप्त जल की उपलब्धता की स्थिति पर खुशी व्यक्त की।
उन्होंने अपने संबोधन में अच्छी बारिश के लिए प्रकृति का आभार व्यक्त करते हुए जल संरक्षण की अपील की तथा जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में जल की महत्ता के बारे में भी बताया। इस दौरान जिला कलेक्टर चौधरी ने सभी को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में टाटा ट्रस्ट के कलाकारों द्वारा जल संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। वहीं बालिकाओं द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति भी दी। इससे पूर्व कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन, दीपदान एवं आरती से तालाब की पूजा की गई। कार्यक्रम के अंत में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्रधान हंसमुख कुमार, पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ दिनेश राय सापेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभुदयाल धानिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रंजीत, तहसीलदार देशलाराम एवं महेंद्र कुमार मौजूद रहे।