सीकर जिले में चोरी की वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं। केवल सूने मकानों में ही नहीं बल्कि चोर ऐसे मकानों में भी चोरी की वारदात कर रहे हैं, जहां पर रात के समय लोग दूसरे कमरों में सोए हुए हों। ऐसी ही वारदात बीती रात सीकर के रानोली थाना इलाके में गोरिया गांव में हुई। यहां चोरों ने रात के समय एक घर में घुसकर लाखों रुपये और कई मोबाइल चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार की महिला उठी तो उन्होंने सामान बिखरा हुआ देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
चोरी की यह वारदात गोरिया कस्बे में जीणमाता रोड पर स्थित माखनलाल कुमावत के घर पर हुई। माखनलाल कुमावत पिछले कई वर्षों से विदेश में रहकर नौकरी कर रहे हैं। उनके मकान में उनकी पत्नी सावित्री देवी और बच्चे ही रहते हैं। रात करीब 11:30 से 12 के बीच सावित्री देवी और बच्चे खाना खाकर एक कमरे में पलंग पर सो गए थे। सुबह सावित्री देवी की करीब 6 बजे आंख खुली।