पावर हाउस के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
भादवासी गांव में शुक्रवार को पोल पर बिजली के तार ठीक करने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत के मामले में लोगों ने प्रदर्शन किया। शनिवार को परिवार सहित अन्य लोगों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मुआवजे की मांग को लेकर पिपराली सर्किल के पास पावर हाउस ग्रिड के बाहर धरना शुरू कर दिया।
भादवासी गांव में शुक्रवार शाम को पोल पर बिजली के तार को ठीक करने के दौरान सप्लाई चालू होने से ठेकाकर्मी बुरी तरह से झुलस गया था। बाद में इलाज के दौरान जयपुर में उसकी मौत हो गई थी।
मृतक राजपाल जाखड़ (28) निवासी दासा की ढाणी के पिता महावीर प्रसाद जाखड़ का कहना है कि राजपाल सात साल से अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में ठेकेदार के माध्यम से नौकरी कर रहा था। बीती शाम करीब 6:30 बजे वह गांव भादवासी में शटडाउन लेकर पोल के ऊपर काम कर रहा था। इसी दौरान ग्रिड से बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे राजपाल बुरी तरह से झुलस गया। जयपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महावीर प्रसाद का कहना है कि उनके बेटे की मौत का जिम्मेदार सहायक अभियंता और अन्य ड्यूटी स्टाफ है, जिसकी ग्रिड पर ड्यूटी थी। परिवार की मांग है कि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता और एक सरकारी नौकरी व पेंशन दी जाए।