खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं को लेकर तीन युवकों में चलीं लाठियां
- फोटो : अमर उजाला
धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बीती देर रात श्रद्धालुओं को अपने-अपने गेस्ट हाउस में ठहराने को लेकर तीन युवकों के बीच विवाद हो गया। घटना तोरण द्वार क्षेत्र की बताई जा रही है। विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने एक-दूसरे पर लाठियां बरसा दीं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट होती दिखाई दे रही है।
साप्ताहिक मेले के बीच बढ़ी भीड़
थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि साप्ताहिक मेले के कारण कस्बे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। देर रात करीब 12 बजे पुलिस टीम गश्त के दौरान तोरण द्वार क्षेत्र में पहुंची। वहां कुछ युवक यात्रियों को धक्का-मुक्की करते और उन्हें अपने गेस्ट हाउस में चलने के लिए दबाव बनाते नजर आए।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि तीनों युवक दर्शनार्थियों को अपने-अपने गेस्ट हाउस में ले जाने को लेकर आपस में झगड़ रहे थे। पुलिस ने पहले उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और श्रद्धालुओं को धमकियां देने लगे।
पढ़ें- Rajasthan Politics: नाम बदले, क्या बदलेगी तस्वीर; राजस्थान में नाम बदलने की सियासत के पीछे मायने क्या?
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति भंग के आरोप में भारत राणा (27) निवासी रतनगढ़, कालूराम राणा (24) निवासी सालासर और कुलदीप (22) निवासी खुमाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की असुविधा या दबाव की स्थिति उत्पन्न हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और व्यवस्था बनाए रखी जा सके।