पंजाब किंग्स की सह मालकिन प्रीति जिंटा प्लेऑफ मैचों से पहले राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मंदिर कमेटी के मंत्री श्री मानवेंद्र सिंह चौहान जी के साथ बाबा श्याम के दर्शन और पूजा की। आईपीएल 2025 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन शानदार रहा है। फैंस को उम्मीद है कि इस बार टीम अपना पहला खिताब जीत सकती है।
प्लेऑफ से पहले पंजाब किंग्स को लीग स्टेज के दो अहम मुकाबले खेलने हैं। हालांकि प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो चुकी हैं, लेकिन अब टॉप 2 में जगह बनाने की होड़ जारी है। जो टीम टॉप 2 में रहती है, उसे फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं। वहीं तीसरे और चौथे नंबर की टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए लगातार दो मैच जीतने होते हैं।
राजस्थान पर जीत के बाद खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं प्रीति जिंटा
पंजाब किंग्स ने अपना पिछला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में खेला था, जिसमें श्रेयस अय्यर की टीम ने 10 रन से जीत हासिल की। इस जीत के बाद टीम की सह मालकिन प्रीति जिंटा जयपुर से करीब 114 किलोमीटर दूर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने बाबा श्याम के दर्शन किए और टीम की जीत के लिए प्रार्थना की।
पंजाब किंग्स साल 2008 से आईपीएल में खेल रही है, लेकिन अब तक एक बार भी खिताब नहीं जीत सकी है। हालांकि इस बार टीम मजबूत दिख रही है और खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। बता दें, 2014 के बाद पहली बार पंजाब की टीम प्लेऑफ में पहुंची है। फिलहाल पंजाब किंग्स 17 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। टीम ने अब तक 12 मैच खेले हैं, जिनमें से 8 जीते, 3 हारे और 1 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ। पंजाब का अगला मैच 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है, जो जयपुर में ही खेला जाएगा।