सार
सीकर के रींगस में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार को तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में लखनऊ निवासी महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खाटू श्याम जी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को पिकअप ने मारी टक्कर
- फोटो : Amar Ujala
निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर उनकी कार को तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
लखनऊ का परिवार लौट रहा था जयपुर
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक परिवार निर्जला एकादशी के अवसर पर विश्वविख्यात खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन कर जयपुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान रींगस-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सिंगोद मोड़ के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कार का पिछला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार मंजू तिवाड़ी, निवासी लखनऊ, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से रींगस के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही रींगस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Explainer: कब सामने आएगा प्रसूताओं की मौत का सच? सिजेरियन के बाद क्यों बिगड़ी तबीयत? जानिए पूरा मामला
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पीछे से हुई टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।