रींगस रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
एकादशी और द्वादशी के बाद सप्ताहांत की छुट्टियों के चलते शनिवार और रविवार को भी श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि हुई। रविवार को भी रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। ट्रेनों में यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। श्रद्धालुओं की इस अभूतपूर्व आवाजाही से रेलवे को सवा करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। रविवार को भी स्टेशन पर दिनभर भारी भीड़ देखने को मिली।
सप्ताहांत की छुट्टियों ने और बढ़ाई श्रद्धालुओं की भीड़
रींगस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और प्रवेश द्वारों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं। कई ट्रेनों में क्षमता से अधिक यात्रियों के पहुंचने के कारण स्टेशन परिसर पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गया। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार मोर्चा संभाले रखा।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने किए विशेष इंतजाम
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने स्टेशन परिसर में विशेष इंतजाम किए हैं। तेज धूप, बारिश और गर्मी से बचाव के लिए होल्डिंग शेल्टरों में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। साथ ही टिकट वितरण, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और यात्री मार्गदर्शन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
160 जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था हुई और मजबूत
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए जयपुर मंडल से अधिकारियों का एक विशेष दल भी रींगस स्टेशन पर तैनात किया गया है, जो रविवार तक अपनी सेवाएं देगा। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने 100 आरपीएफ और 60 जीआरपी जवानों को तैनात किया है। इनमें महिला सुरक्षा कर्मी भी शामिल हैं। रेलवे और जीआरपी के अलावा स्वयंसेवक तथा अन्य अधिकारी भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
डमी कैंडिडेट बनकर दिलाई सरकारी नौकरी, दो साल बाद SOG के हत्थे चढ़ा 10 हजार का इनामी छात्र
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे के सीनियर डीसीएम जगदीश कुमार और डीएससी ओंकार सिंह स्वयं स्टेशन पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने टिकट वितरण, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।