राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में एक दुकानदार की हत्या कर दी गई। दो युवकों ने एक रुपये की इलायची उधार नहीं देने पर दुकानदार पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं, हमलें में उसका भाई और बेटा भी गंभीर रुपये से घायल हो गए। जिन्हें हनुमानगढ़ जिला अस्तपाल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार जिले के संगरिया के रहने वाले देवीलाल (62) के बेटे संदीप की कोर्ट रोड पर किराना की दुकान है। गुरुवार रात को आरोपी सुनील और रोहित दुकान पर आए और उन्होंने एक रुपए की इलायची मांगी। किराना दुकान पर बैठे संदीप ने उन्हें इलायची दे दी। लेकिन, आरोपी बिना पैसे दिए वापस जाने लगे तो संदीप ने उनसे रुपये मांगे मांगने। इस बात पर आरोपी उसके साथ गाली-गलौच कर झगड़ा करने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत कराकर दोनों दोनों आरोपियों को वापस भेज दिया।
इधर, संदीप के झगड़े की सूचना मिलने पर उसके पिता देवीलाल और उनका भाई अशोक कुमार दुकान पर पहुंचे। कुछ देर बात दुकान बंद कर तीनों घर के लिए निकल गए। संदीप और अशोक बाइक से और देवीलाल पैदल घर की ओर आ रहे थे। इस दौरान बाइक से आए रोहित और सुनील ने संदीप और अशोक को घेर लिया।
इसके बाद चाकू नुमा हथियार से संदीप पर वार किया, उसे बचाने आए अशोक पर भी आरोपियों ने ईंट से हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच मौके पर पहुंचे देवीलाल ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो दोनों आरोपी उस पर भी टूट पड़े। सिर में ईंट लगने के कारण देवीलाल बेहोश हो गए। राहगीरों ने तीनों घायलों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने देवीलाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।