राजस्थान में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को राज्य के 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान कोटा सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर भी तेज गर्मी की चपेट में रहे।
दिन के साथ रातें भी गर्म
जयपुर और फलोदी में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने और हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं पर असर
तेज गर्मी का असर पर्यटन पर भी दिखने लगा है। उदयपुर और अजमेर में पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। वहीं कोटा के अस्पतालों में हीटवेव के मरीजों के लिए विशेष इंतजाम करते हुए बेड रिजर्व किए गए हैं।
रात में भी नहीं मिल रही राहत
फलोदी और बाड़मेर में दिन की झुलसाने वाली गर्मी के बाद रातें भी राहत नहीं दे रहीं। यहां न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच बना हुआ है। फलोदी में सबसे ज्यादा 28.4 डिग्री, बाड़मेर में 27.5 और जैसलमेर में 26 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
ये भी पढ़ें:
रेलवे के फैसले से सफर होगा आसान; अजमेर से चलने वाली कई ट्रेनों में जोड़े गए अतिरिक्त स्लीपर कोच
जयपुर-जोधपुर में भी हालात गंभीर
राजधानी जयपुर में भी हालात बेहाल हैं। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक है। जोधपुर में भी लगातार तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है और सोमवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।