सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के पटेल नगर इलाके में एक युवक द्वारा सोलर प्लांट के एंगल से लटककर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। यह मामला एक मकान की तीसरी मंजिल का है, जहां युवक का शव लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
बिहार निवासी छात्र के रूप में रह रहा था युवक
मृतक की पहचान राहुल कुमार तिवाड़ी के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार वह संस्कृत शिक्षा में अध्ययन के लिए सवाई माधोपुर आया हुआ था और पटेल नगर में किराए पर रह रहा था। बताया गया कि उसने करीब 15 दिन पहले ही श्रीबल्लभ शर्मा के मकान में किराए से रहना शुरू किया था।
घटना के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर कई तरह के सवाल बने हुए हैं, लेकिन अभी तक किसी ठोस वजह की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पढ़ें- धार्मिक स्थल पर फेंका पेट्रोल बम: अलवर में प्रतिबंधित मांस मिलने से बढ़ा तनाव; दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस सख्त
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थानाधिकारी मदन लाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और कुछ साक्ष्य भी जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
परिजनों से संपर्क की कोशिश, पोस्टमार्टम लंबित
पुलिस के अनुसार मृतक राहुल कुमार तिवाड़ी बिहार के दलदलीय गंज थाना क्षेत्र के मेंहदी गंज संपत चक पटना का निवासी था। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।