रणथंभौर स्थित जाना फॉरेस्ट रिजॉर्ट में कार्यरत एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ऋषिकेश, उत्तराखंड निवासी भारत चौधरी (30) के रूप में हुई है, जो होटल में शैफ के पद पर कार्यरत था।
मृतक की बहन निशा चौधरी ने बताया कि बुधवार रात को उनकी भाई से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। भारत ने फोन पर बताया था कि वह अपने काम से खुश नहीं है और नौकरी बदलने का विचार कर रहा है। इसके बाद उसने फोन काट दिया। अगली सुबह होटल प्रबंधन ने निशा को फोन कर भारत की तबीयत खराब होने और उसे आईसीयू में भर्ती कराने की सूचना दी।
निशा और परिवार के लोग सवाई माधोपुर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि भारत का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। निशा ने आरोप लगाया कि शव पर चोट के निशान थे और मुंह से झाग निकल रहे थे। उन्होंने अपने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक की बहन का कहना है कि "मेरे भाई के शव पर चोट के निशान थे और होटल प्रबंधन सच छिपा रहा है। मुझे लगता है कि मेरे भाई की हत्या की गई है।"
कोतवाली थाना अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात भारत ने होटल के तीन अन्य कर्मचारियों के साथ शराब पार्टी की थी। पार्टी के बाद सभी सोने चले गए। अगले दिन सुबह जब होटल कर्मचारियों ने भारत को देखा तो वह अचेत अवस्था में था। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की बहन निशा चौधरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।