सवाईमाधोपुर के त्रिलोकपुरा में हुई बीजेपी सांसद किरोड़ीलाल मीणा की सभा में बड़ी संख्या में बनास नदी के आसपास के गांवों के लोग शामिल हुए। आमसभा के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने अवैध बजरी खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन को जमकर घेरा। डॉक्टर किरोडी ने प्रशासन पर लीज धारक के साथ मिलीभगत कर अवैध बजरी खनन करवाने का आरोप लगाया।
आमसभा के दौरान लीजधारक द्वारा बनास नदी में अवैध बजरी खनन बंद करने और अन्य कई मांगों को लेकर प्रशासन से लिखित में समझौता करवाए जाने के बाद ही डॉक्टर किरोड़ी ने आरोपों की झड़ी पर ब्रेक लगाया। इस दौरान किरोड़ी ने भविष्य में फिर से ऐसा होने पर बड़ा आंदोलन किए जाने की भी चेतावनी दे डाली।
खनिज विभाग के इंजीनियर की कार्यप्रणाली को लेकर जताई नाराजगी...
बनास नदी में अवैध बजरी खनन और परिवहन के साथ ही लीजधारक की मनमानी को लेकर बड़ी संख्या में कई गांव के ग्रामीण त्रिलोकपुरा में जमा हुए। जहां सांसद डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने ग्रामीणों की समस्या सुनी। इस दौरान उन्होंने खुद जनता के बीच खड़ा होकर अधिकारियों को मंच पर बुलाया और उनकी जमकर क्लास ली। इस दौरान किरोड़ी ने सबसे ज्यादा नाराजगी खनिज विभाग के इंजीनियर की कार्यप्रणाली को लेकर जताई।
प्रशासनिक अधिकारियों को पाबंद किया और लिखित में आश्वासन लिया...
डॉ. किरोड़ी ने प्रशासन को चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र में लीज खत्म होने के बाद भी लीजधारक द्वारा बजरी का अवैध खनन जारी रहने पर जमकर नाराजगी जताई और तुरंत उसे बंद करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने चारागाह भूमि पर अवैध खनन को रोकने, ओवरलोड वाहनों को रोकने, बनास नदी में लीज एरिया का सीमा ज्ञान नहीं होने तक किसी भी प्रकार का खनन नहीं होने देने, रॉयल्टी की चोरी रोकने, रॉयल्टी का अधिक पैसा लेने को रोकने, जहां-जहां लीज खत्म हो गई है, वहां पर जो रास्ते बनाए हैं, उन्हें बंद करने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को पाबंद किया और लिखित में आश्वासन लिया। इसी के साथ ही सांसद ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की कोई लापरवाही या अनदेखी सामने आई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। डॉक्टर किरोड़ी के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी पहुंचे।