पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशानुसार सवाई माधोपुर पुलिस द्वारा इन दिनों आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मानटाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलो में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी राममीना निवासी मोरपा थाना बाटोदा को जयपुर से गिरफ्तार किया है। मानटाउन थानाधिकारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ़्तार किया गया आरोपी राममीना आदतन अपराधी है। हत्या, हत्या का प्रयास, फायरिंग और अपहरण जैसे संगीन मामलों में वांछित चल रहा था, जिसे सोमवार को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी के खिलाफ सवाई माधोपुर, करौली और दौसा जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन संगीन वारदातों के मुकदमें दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ सवाई माधोपुर के बाटोदा व मानटाउन थाने में भी हत्या व फायरिंग के मुकदमें दर्ज हैं। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस ने आरोपी के एक अन्य साथी अनिल उर्फ बिल्लू बादशाह को भी गिरफ़्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।