सवाई माधोपुर जिले के खंडार उपखंड क्षेत्र में मंगलवार रात गोतस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने गोवंश से भरी पिकअप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के सुमनपुरा गांव स्थित सरकारी स्कूल के सामने चार से पांच युवक पिकअप गाड़ी में गोवंश नंदी बैलों को बांधकर भर रहे थे, जिसकी सूचना बजरंग दल को मिली। सूचना पर सवाई माधोपुर, छाण, अल्लापुर और बहरावंडा खुर्द से गोसेवक और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पिकअप गाड़ी में गोवंश भर रहे तस्करों को दबोच लिया।
इस दौरान गुस्साए लोगों ने उनकी पिटाई भी कर दी। लोगों ने मौके से दो तस्कर पकड़े लिए। वहीं, अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। गोसेवकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर छाण पुलिस चौकी प्रभारी दौलत सिंह बहरावंडा खुर्द चौकी पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर उसमें मौजूद सात नंदी बैलों को लाडवन गोशाला खंडार में छुड़वाया। फिलहाल, पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गौरलतब है कि खंडार उपखंड क्षेत्र में विगत कई दिनों से सड़कों पर आवारा गोवंश के गायब होने की सूचना मिल रही थी। उसके बाद गोसेवक और बजरंग दल के सदस्यों की टीम एक्टिव हुई। टीम की ओर से इलाके में लगातार गोतस्करों की रेकी की जा रही थी। गोसेवकों की मुस्तैदी के चलते बीती रात गोतस्करों को पकड़ा गया है। पुलिस ने मौके से गोवंश नंदी से भरी पिकअप गाड़ी और एक बाइक को भी मौके से जब्त किया है।