सवाई माधोपुर जिले की रवाजंना डूंगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ आज एक बड़ी कार्रवाई की अंजाम दिया। पुलिस ने लालसोट-कोटा मेगा हाईवे स्थित रवाजंना चौड़ चौराहा पर नाकाबंदी कर एक मिनी ट्रक को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने मिनी ट्रक से 567 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में लाखों की कीमत है। पुलिस ने मिनी ट्रक के साथ एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रवांजना डुंगर थानाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि ATS उत्तरप्रदेश पुलिस से अवैध गांजे की बड़ी खेप आंध्रप्रदेश की तरफ से आने की सूचना मिली थी, जिस पर रवाजंना चौड़ चौराहे पर नाकाबंदी करवाई गई थी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को यूपी ATS के बताए हुलिए की एक टाटा पिकअप मिनी ट्रक आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने मिनी ट्रक रुकवाकर उसकी जांच की तो मिनी ट्रक में पौधों की आड़ में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। मिनी ट्रक से करीब 567 किलो गांजा जब्त हुआ है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।