महाराष्ट्र में चल रहे राजनीति उलटफेर के चलते अब राजस्थान में भी बयानबाजी तेज हो गई है। अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि गहलोत सरकार जुगाड़ के भरोसे है, जिसका टायर कब फट जाए पता नहीं।
उन्होंने कहा कि जुगाड़ की इस सरकार में न स्टेयरिंग का पता है और न इसमें हॉर्न बजता है। ऐसे में ये जुगाड़ वाली सरकार चलती नहीं, केवल खिसकती ही है। दूसरी ओर सतीश पूनिया ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को नोटिस तामिल कराने के मामले में गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान में प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं।
बता दें कि 20 जून को चौमूं में भाजपा की जन आक्रोश रैली में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मध्यप्रदेश में विधायकों के सरकार में किए गए बदलाव का उदाहरण देते हुए सचिन पायलट का नाम लिया था। उन्होंने कहा था कि थोड़ी चूक राजस्थान में पायलट जी से हो गई। उसके बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को देखते हुए राजस्थान में मध्यावधि चुनाव की संभावना जता दी थी। अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का यह बयान इस बात का संकेत है कि भाजपा आलाकमान की नजरें अब राजस्थान फतह करने पर है।