राजस्थान में महिला सुरक्षा, बिगड़ी कानून व्यवस्था और दुष्कर्म की वारदात को लेकर भाजपा गहलोत सरकार को लगातार घेरने में लगी है। इसी बीच कांग्रेस विधायक के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप लगने पर सतीश पूनिया ने कहा कि आज एक बार फिर राजस्थान शर्मसार हुआ है। कांग्रेस इसी तरीके के चरित्र वाली पार्टी है।
राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस की सदन में बदजुबानी की फितरत रही है। बदजुबानी से लेकर व्यभिचार तक, तंदूर कांड से लेकर अजमेर के फोटो ब्लैकमेल कांड तक कांग्रेस की बहुत पुरानी कहानी है। आज एक बार फिर से कांग्रेस के एक विधायक के बेटे पर दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। जिससे राजस्थान ना केवल शर्मसार हुआ है बल्कि प्रदेश के कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं। इसी फेरिहस्त में मुकदमा और जुड़ जाता है, जो पौने सात लाख मुकदमों तक पहुंच गई है।
प्रदेश में कानून राज खत्म
पूनिया ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है। गुंडों का, व्यभिचारियों का राज हो गया है, जो सीधे-सीधे इस बात को इंगित करता है कि इस तरीके के अपराधों को कांग्रेस सरकार का राजनीतिक संरक्षण है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जो खुद गृहमंत्री हैं, उनके लिए बहुत शर्मनाक बात है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुखिया जिनको अपनी कुर्सी बचाने की फिक्र ज्यादा है और बहन-बेटियों की अस्मत बचाने की फिक्र नहीं है। कांग्रेस सरकार अभी भी चेत जाए वरना इन्हीं मां-बहन-बेटियों की बददुआएं आप लोगों को सड़कों पर बिलखने पर मजबूर कर देगी।
श्रीगंंगानगर दौरे पर पूनिया
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया शनिवार को सूरतगढ़ पहुंचे, जहां पन्ना प्रमुख अभियान का आगाज हो गया। श्रीगंगानगर जिले के दौरे पर सूरतगढ़ पधारने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकताओं ने श्रीगंगानगर भाजपा जिलाध्यक्ष आत्माराम तरड़ के निर्देशन में रेलवे स्टेशन सूरतगढ़ पर उनका भव्य स्वागत किया। इससे पूर्व सैंकड़ों की तादाद में सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के पटके पहनाकर सतीश पूनिया का स्वागत किया।