सार
Salumber News: सलूंबर में गर्मी के बीच पेयजल व्यवस्था की जांच के लिए जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी और एडीएम डॉ दिनेश राय सापेला ने गांवों में निरीक्षण किया। हैंडपंप जांच, नमूना परीक्षण, मरम्मत और निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हैंडपंप चलाकर पेयजल की स्थिति जांचते जिला कलेक्टर
- फोटो : अमर उजाला
सलूंबर जिले में गर्मी में आमजन को पेयजल की सहज उपलब्धता को लेकर जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला ने ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। दोनों आला अधिकारी विभिन्न गांवों में पहुंचे। पैदल घूमकर और स्वयं हैंडपंप चलाकर पानी की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की जांच की।
जिला कलेक्टर जुनैद ग्राम गिंगला के नट घाटी पहुंचे, जहां उन्होंने हैंडपंप को देखा। हैंडपंप चलाकर पानी का नमूना लेकर मौके पर ही जांच कराई। वहीं अतिरिक्त जिला कलेक्टर डाॅ. सापेला जयसमंद पंचायत समिति की ग्राम पंचायत वीरपुरा पहुंचे। उन्होंने भी पैदल घूम कर एवं स्वयं द्वारा हैंडपंप चलाकर पानी की गुणवत्ता का जायजा लिया। मौके पर ही पानी के नमूनों का टेस्ट करवाया। निरीक्षण के दौरान खराब हैंडपंपों को तत्काल दुरुस्त करवाने, आवश्यकता अनुसार पेयजल टैंकरों का संचालन करने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल कनेक्शनों को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
शिथिलता बर्दाश्त नहीं
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में आमजन को पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर है तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल भंडारण क्षमता और वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा पशुधन के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता के निर्देश दिए गए।
पढ़ें- Udaipur: 'जनता की सेवा करने वालों में ही होता है सामने खड़े रहने का दम', भाजपा की गुटबाजी पर कटारिया का पलटवार
अन्य अधिकारी भी पहुंचे
जिले की पंचायत समितियों में उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने प्रत्येक क्षेत्र में ग्राम पंचायतों में 5-5 हैंडपंप का सघन निरीक्षण किया। पेयजल व्यवस्थाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। अभियान के दौरान 117 हैंडपंपों सत्यापन किया गया, जिसमें 7 हैंडपम्प खराब पाए गए, जिन्हें दुरूस्त किया गया।
ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पेयजल को लेकर स्थानीय ग्रामवासियों से फीडबैक लिया। ग्रामवासियों ने भी अलग-अलग प्रकार की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। कलक्टर एवं एडीएम ने ने मौजूद अधिकारियों से कहा कि गांवों में शुद्ध पेयजल लोगों के घरों तक पहुंचाने में कोई कोताही नहीं बरती जाए।