चिंकारा शिकार मामले में हाईकोर्ट से बरी होने के बाद बेशक अभिनेता सलमान खान को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है लेकिन इन सबसे इतर उनके वकील ने इसका श्रेय उनकी मेहनत और प्रोफेशनलिज्म को दिया है। सलमान के वकील हस्तीमल सारस्वत ने कहा इस सबके पीछे उनकी मेहनत और काम के प्रति उनका समर्पण है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार 18 साल से सलमान खान से जुड़े वकील हस्तीमल सारस्वत उनके काफी नजदीकी बताए जाते हैं। जोधपुर हाईकोर्ट में सलमान के चारों मामलों को हस्तीमल ही देख रहे हैं। सोमवार को जब हाईकोर्ट ने सलमान को दो मामलों से बरी कर दिया तो मीडिया ने उनके वकील हस्तीमल सारस्वत से उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही। इस पर सारस्वत ने कहा कि इसका श्रेय सलमान की मेहनत और उनके काम के प्रति समर्पण को देना चाहिए।
अपनी इस अजीबोगरीब प्रतिक्रिया में सारस्वत ने आगे कहा कि यह बिल्कुल उनकी मेहनत के कारण हुआ है। हस्तीमल ने बताया कि मैंने इतने सालों में उनके साथ एक तस्वीर भी नहीं खिंचवाई।