राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा का सक्रिय राजनीति में आना आगामी तीन माह में ही गेम चेंजर साबित होगा। पायलट ने गुरुवार को जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के पहले दिन ‘डेमोक्रेसी, फ्रीडम एंड द पॉलिटिकल प्रोसेस: लुकिंग टु द फ्यूचर’ विषयक सत्र में संबोधित करते हुए यह बात कही।
पायलट ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रियंका लंबे समय से कांग्रेस के लिए चुनाव अभियानों को लेकर काम करती रहीं हैं, इसलिए हमें उनकी विशेषताओं और काबिलियत को लेकर पूर्वानुमान नहीं लगाना चाहिए।
उधर, भाजपा ने कहा है कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में उतरने से लोकसभा चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। गुरुवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रियंका को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने पर दिल्ली में जरूर हलचल है, लेकिन उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश का जिम्मा सौंपा गया है वहां इस बात को लेकर कोई चर्चा नहीं है।
पूर्वी यूपी के गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद सिन्हा ने कहा कि प्रियंका की नियुक्ति कर कांग्रेस राज्य में खुद को सपा-बसपा गठबंधन द्वारा ठुकराए जाने के कारण पहुंचे नुकसान की भरपाई करना चाहती है।