प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सोमवार सुबह पंजाब जाने के लिए श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान समर्थकों में उन्हें देखने की होड़ लगी। ऐसे में खूब धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सचिन पायलट को स्टेशन से बाहर निकाला।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सचिन पायलट सुबह दिल्ली सरायरोहिल्ला-बीकानेर ट्रेन से श्रीगंगानगर पहुंचे। स्टेशन पर पहुंचते ही समर्थकों की भीड़ उन्हें देखने के लिए उनकी कोच की ओर लपकी। जैसे ही पायलट स्टेशन पर उतरे, लोगों में भी उनका स्वागत करने की होड़ लग गई। उन्होंने सचिन पायलट को फूलों से लाद दिया। भीड़ की धक्का-मुक्की देखकर पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सचिन पायलट को स्टेशन से बाहर निकाला। इस दौरान भीड़ ने टिकट पेटी बिखेर दी। एक पुलिसकर्मी की चेस्ट प्लेट उखड़ गई। वहीं एक कांग्रेस कार्यकर्ता जमीन पर गिर गया।
मूसेवला के गांव जाएंगे
वहीं सचिन पायलट के स्टेशन से बाहर निकलने पर कोविड हेल्थ एसिस्टेंट्स ने जमकर नारेबाजी की। कोविड हेल्थ एसिस्टेंट्स ने अपनी सेवाएं समाप्त करने का विरोध किया। इसके बाद सचिन पायलट श्रीगंगानगर से पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गांव रवाना हो गए। मूसेवाला की पिछले दिनों पंजाब में हत्या कर दी गई थी। ऐसे में पायलट मूसेवाले के परिवार से मिलकर संवेदना जताएंगे।