करौली जिले के नादौती इलाके के कैमला गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में मंगलवार को बदमाशों ने लाखों रुपये लूट लिए। बैंक शाखा से 9 लाख 65 हजार रुपये लूटे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार कैमला गांव में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में मंगलवार दोपहर बाद दिनदहाड़े तीन अज्ञात बदमाश बैंक परिसर में घुस गए। उन्होंने पिस्तौल से फायरिंग कर दी और बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक प्रबंधक पर पिस्तौल तानकर बैंक शाखा से 9 लाख 65 हजार रुपये की राशि लूटकर फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस और टोडाभीम सीओ फूलचंद मीणा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अज्ञात बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच पड़ताल में तीन बदमाशों ने बैंक में डकैती डाली है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।