प्याज की बढ़ती कीमतों से आम जनता तो परेशान है ही, अब तो लुटेरों को भी प्याज लूटना फायदे का सौदा लगने लगा है।
राजस्थान के जयपुर शहर के नजदीक जयपुर-दिल्ली हाइवे पर तीन चोरों ने प्याज से भरा ट्रक लूट लिया।
जयपुर में इस समय एक किलो प्याज की कीमत 65 से 75 रुपए किलो के बीच है। घटना उस समय घटी जब ट्रक ड्राइवर मिंटू और उसका क्लीनर रिंकू 40 टन प्याज ट्रक में लादकर सीकर जा रहे थे।
दोनों ने बताया कि तीन नकाबपोश लोग टाटा 907 गाड़ी में बैठकर आए और रास्ता रोक लिया। जब मिंटू और रिंकू की उनसे बहस हो गई तो उन्होंने गाड़ी से नीचे उतरकर बात करने के लिए कहा।
जैसे ही ड्राइवर और क्लीनर गाड़ी से उतरे तीनों चोरों ने धक्का-मुक्की की और ट्रक लेकर भाग गए। घटना के बाद दोनों ने पास की पुलिस चौकी पर घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक चोरों ने बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की, हांलांकि पुलिस ने चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया है।