शिकायतों के लिए नंबर किए गए जारी।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में आरटीई के तहत प्राइवेट स्कूलों में होने वाले दाखिलों की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान अभिभावकों को हो रही परेशानी का निस्तारण अब 'वाट्सएप' के जरिए भी किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के शासन सचिव नवीन जैन के निर्देश पर राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से हेल्पलाइन नंबर के साथ 'वाट्सएप' नंबर जारी किए गए हैं।
बतादें कि प्रदेश में 'आरटीई' के तहत गैर सरकारी विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश के लिए शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने 19 मई को लॉटरी निकाली थी। अभिभावकों द्वारा ऑनलाइन रिर्पोटिंग शुक्रवार 2 जून तक की जानी है। इसमें विद्यालय का चयन किया जाएगा। लॉटरी में प्रथम चयनित निजी विद्यालय 6 जून तक आवेदन पत्रों की जांच करेंगे।
अभिभावकों की ओर से 12 जून तक दस्तावेजों में संशोधन किया जा सकता है। वहीं 23 जून 2023 तक सीबीईओ द्वारा संबंधित निजी विद्यालयों की 'रिक्वेस्ट', बालक-बालिकाओं के दस्तावेज रि-अपलोड नहीं करने या अभिभावकों द्वारा संशोधन दर्ज किए जाने के संबंध में जांच की कार्रवाई संपन्न की जाएगी। इसके बाद राज्य स्तर पर एनआईसी की ओर से 26 जून को शेष समस्त आवेदनों को ऑटो वेरीफाई और फिर 27 जून को पोर्टल पर उपलब्ध आरटीई सीटों पर चयन किया जाएगा।
यहां शिकायत कर सकेंगे पैरेंट्स
राज्य स्तर पर एनआईसी की ओर से ही पोर्टल पर उपलब्ध आरटीई सीटों पर चयन फीस के साथ बच्चों के एडमिशन और मेरिट के आधार पर 28 जून से 30 सितंबर 2023 तक किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान यदि अभिभावकों को किसी भी प्रकार की असुविधा होती है तो वे राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा जारी 'वाट्सएप' नंबर 7014812375 और 7014878012 पर शिकायत की जा सकती है।
'वाट्सएप' पर शिकायत मिलने के बाद अधिकरियों की एक समिति द्वारा जांच कर समस्या का निस्तारण किया जाएगा। इन 'वाट्सएप' नंबर के अलावा हेल्पलाइन नंबर 0141-2719073 और 0151-222140 पर किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर संपर्क किया जा सकता है।