बाड़मेर डीएसटी और थाना नागाणा पुलिस की टीम ने मंगलवार को पैरोल से फरार प्रतापगढ़ के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी किरताराम उर्फ लादेन पुत्र बाबूलाल निवासी डउकियो की ढाणी मातासर मादक पदार्थों की तस्करी के माममे में फरार चल रहा था। पुलिस की टीम ने उसके पास से एक कट्टा, चार कारतूस और एक चोरी की स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है।
बाड़मेर एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एएसपी नरपत सिंह, सीओ पुष्पेंद्र सिंह के सुपरविजन में अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर एसएचओ नागाणा नरपत दान और डीएसटी प्रभारी ओम प्रकाश चौधरी ने टीम के साथ मातासर में आरोपी की ढाणी में दबिश दी।
पुलिस टीम को देख आरोपी किरताराम उर्फ लादेन स्कॉर्पियो में बैठकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास एक लोडेड कट्टा, चार कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी महाराष्ट्र से चोरी की गई स्कॉर्पियो जब्त की गई।
एनडीपीएस कोर्ट जालौर का वांछित
आरोपी किरताराम एनडीपीएस जालौर कोर्ट का वांछित और पैरोल से फरार होने के साथ जिला प्रतापगढ़ का इनामी अपराधी भी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।