भीलवाड़ा में रिश्तेदार नाबालिग बच्ची को जंगल ले जाकर जबरन दुष्कर्म करने के मामले में अरनोद थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी केशुराम मीणा पुत्र रामेश्वर (38 साल) निवासी लालाखेड़ी थाना सालमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि 31 जनवरी को हुई घटना के संबंध में थाना अरनोद में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
सरसों फसल कटाई में मदद की बात कहकर जंगल ले जाकर दो बार किया रेप
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी केशु राम मीणा 28 जनवरी को सरसों की फसल की कटाई में मदद की बात कहकर नाबालिक बच्ची को अपने साथ ले गया था। नजदीकी रिश्तेदारी में होने से परिजनों ने विश्वास कर उसे भेज दिया। 30 जनवरी को वापस घर छोड़ने की कहकर शाम के समय आरोपी बाइक से घर से निकला। रास्ते में पेट्रोल खत्म हो जाने का बहाना बनाकर नाबालिग पीड़िता को कमलेश्वर महादेव के पास ले गया।
उसने जंगल में जाकर नाबालिग को पीछे गुंडे पड़े होने कि बाद कही और रात को वहीं पर छुप जाने के लिए मनाया। रात को रोड से 1 किलोमीटर दूर खोरे में ले जाकर डरा-धमका कर नाबालिक बच्ची के साथ दो बार दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। सुबह पीड़ित नाबालिग को आरोपी घर छोड़कर भाग गया। जहां नाबालिग ने अपने मां और भाई को घटना की पूरी जानकारी दी। उनकी रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी केशुराम मीणा को गिरफ्तार
अपराध और वारदात की गंभीरता को देखते हुए प्रतापगढ़ एसपी बेनीवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, सीओ अनिल कुमार सोनी के सुपरविजन और थानाधिकारी हनुवन्त सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। गठित टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपी केशुराम मीणा को गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।