राजस्थान में 23 और 24 जुलाई को होने वाली रीट भर्ती परीक्षा की फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी ओम प्रकाश नाम के युवक के स्थान पर परीक्षा देने की तैयारी कर रहा था। गुरुवार को पुलिस ने आईदान राम जाट पुत्र खैमाराम (28) को उसके गांव अगड़ावा थाना चितलवाना जालोर से गिरफ्तार किया है। आरोपी जालीपा स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक है।
बाड़मेर एसपी ने बताया कि आगामी रीट परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शिता पूर्वक कराने के लिए जिला पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आईदानराम जाट रीट परीक्षा में ओमप्रकाश नाम के लड़के के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर परीक्षा देगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई।
गठित टीम ने वरिष्ठ अध्यापक आईदान राम के सारण नगर स्थित किराए के कमरे पर दबिश दी। कमरे की तलाशी के दौरान परीक्षा से संबंधित फर्जी दस्तावेज, आधार कार्ड, ओमप्रकाश विश्नोई का प्रवेश पत्र, खाली स्टांप आदि चीजें मिलीं हैं। आरोपी के मोबाइल में भी रीट परीक्षा से संबंधित आपत्तिजनक कंटेंट मिला। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी टीचर के खिलाफ 2013 में डूंगरपुर जिले के थाना कोतवाली में नकल और फर्जीवाड़ा संबंधित दो केस पहले से दर्ज हैं। वह जेल भी जा चुका है। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि किसी के बहकावे में न आए। एक गलती से आपका भविष्य खराब हो सकता है।