डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सिटी पैलेस में की रामलला की पूजा।
- फोटो : अमर उजाला
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सोमवार को सिटी पैलेस स्थित सीतारामद्वारा में भगवान श्रीराम का पूजन किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर राजस्थान और देश के कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने अंबाबाडी स्थित राममंदिर से विश्व हिंदू परिषद की रामरथ यात्रा को रवाना किया।
डिप्टी सीएम ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम विद्याधर नगर के प्रसिद्ध ढेहर का बालाजी मंदिर में बड़ी स्क्रीन पर लाइव देखा। प्राण-प्रतिष्ठा पूर्ण होने पर श्रीरामलला की आरती की। साथ ही पीएम नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का उद्बोधन सुना। इस अवसर पर विद्याधर नगर के पार्षद, प्रमुख कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दीया कुमारी ने भारी संख्या में एकत्र आमजन को संबोधित करते हुए उन्हें ऐतिहासिक क्षण की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा- हिंदु धर्मावलंबियों का पांच सौ साल का इंतजार समाप्त हो गया। यह ऐतिहासिक घड़ी हमारे जीवन में आना केवल प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़निश्चय का परिणाम है।
इससे पहले विद्याधर नगर के मंगलम विहार में कलश यात्रा और कार्यक्रम के बाद सेंट्रल स्पाइन व्यापार मंडल द्वारा आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में भी भाग लिया।