जिले में आज हुई मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। कुंभलगढ़ क्षेत्र में भारी वर्षा के बाद वेरो का मठ से परशुराम महादेव मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर बने एक पुलिया से एक महिला बरसाती नाले में बह गई। सूचना मिलते ही राजसमंद से सिविल डिफेंस की टीम को रेस्क्यू के लिए मौके पर भेजा गया।
इसी तरह कुंभलगढ़ के पास ओड़ा गांव में पानी के तेज बहाव में एक बोलेरो कार फंस गई, जिसमें तीन स्कूली बच्चों सहित चालक सवार थे। सभी लोग पानी में फंस गए थे लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया गया कि बच्चे पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें बाद में जेसीबी मशीन की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। तेज बारिश के कारण कुंभलगढ़-सायरा मार्ग को भी बंद करना पड़ा है। क्षेत्र में आज कुल 75 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कांग्रेस पार्षदों का विरोध प्रदर्शन तेज, लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
जिले के प्रमुख बांधों में से एक बाघेरी नाका बांध में लगातार पानी की आवक हो रही है, जिससे ढाई फीट की चादर चल रही है। इसके चलते नंदसमंद बांध में भी तेजी से पानी आ रहा है और उसके जल्द ही ओवर फ्लो होने की संभावना जताई जा रही है।