प्री वेडिंग शूट के दौरान हादसे में मृत युवक
- फोटो : अमर उजाला
शादी से पहले खुशियों भरा प्री-वेडिंग फोटोशूट एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। राजसमंद जिले के अरावली पहाड़ियों में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल गौरीधाम में फोटोशूट के दौरान एक युवक झील में डूब गया, एसडीआरएफ टीम ने तलाश के बाद बुधवार को उसका शव बरामद किया।
मृतक की पहचान चित्तौड़गढ़ निवासी अर्जुन डामामी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अर्जुन अपनी मंगेतर और उसके मामा के साथ गौरीधाम घूमने और प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए आया था। मामा मंदिर परिसर के पास ही रुके हुए थे, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर फोटोशूट के लिए नीचे की ओर चले गए। इसी दौरान अर्जुन झील के पास नहाने के लिए गया, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख मंगेतर ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: महंत मर्डर केस: करोड़ों की संपत्ति के लिए गुरु की हत्या! मुख्य साजिशकर्ता एडवोकेट समेत दो आरोपी हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने और झील की गहराई अधिक होने के कारण मंगलवार रात युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद उदयपुर से एसडीआरएफ की विशेष टीम को बुलाया गया। बुधवार सुबह एसडीआरएफ और राजसमंद सिविल डिफेंस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन फिर शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद अर्जुन डामामी का शव झील से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।